नालंदा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपने गृह क्षेत्र नालंदा जिले के राजगीर में चल रहे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का निरीक्षण किया। एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने पर्यटन और खेल अवसंरचना से जुड़ी कई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
नीतीश कुमार ने राजगीर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम से लेकर पटना को सीधे राजगीर से जोड़ने वाले टूरिस्ट-वे तक के काम का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। सीएम सबसे पहले पटना-बख्तियारपुर फोरलेन के करौटा के पास से बनने वाले उस टूरिस्ट-वे का निरीक्षण किया, जो सीधे राजगीर से जुड़ेगा। यह महत्वाकांक्षी सडक़ परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि बौद्ध और जैन धर्म की इस पवित्र स्थली में पर्यटन को भी एक नई ऊंचाई देगी।
इसके बाद नीतीश राजगीर के हसनपुर में बन रहे आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) का भी जायजा लिया और इसके निर्माण में तेजी लाने को कहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला बिहार खेल अकादमी पहुंचा जहां वह निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के काम को परखा। उन्होंने स्टेडियम के मुख्य पवेलियन, जनरल स्टैंड और आउटफील्ड के काम की प्रगति का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि पवेलियन का स्ट्रक्चर तैयार हो गया है, और फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी की। इसमें अगले महीने राजगीर में होने वाले पुरुषों के हीरो एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियों पर विशेष रूप से चर्चा हुई। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 29 अगस्त से 7 सितंबर तक आयोजित होगा। जिसमें भारत के साथ-साथ पाकिस्तान की टीम भी हिस्सा लेगी।
गौरतलब है कि पिछले साल राजगीर ने सफलतापूर्वक महिला एशियाई चैंपियनशिप ट्रॉफी की भी मेजबानी की थी, जिसमें भारत चैंपियन बना था। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और चप्पे-चप्पे पर पुलिस व सुरक्षा बल तैनात थे। उनके साथ पटना से लेकर जिले तक के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने उन्हें विकास कार्यों की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। इस मौके पर सांसद कौशलेंद्र कुमार, डीएम कुंदन कुमार, और राजगीर विधायक कौशल किशोर मौजूद रहे थे।