पटना: पटना के श्रीकृष्ण पुरी थाना क्षेत्र स्थित अटल पथ पर बृहस्पतिवार देर रात स्थानीय पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की एक स्कार्पियो तेज रफ्तार से आयी और चेकिंग में लगे पुलिसकर्मियों को रौंद दिया। वाहन पर भाजपा का झंडा लगा था।
हादसे में एक महिला सिपाही समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान गंभीर रूप घायल महिला सिपाही की मौत हो गई। जबकि एक इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद पटना एसएसपी अवकाश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि एक संदिग्ध कार बैरिकेडिंग तोड़कर तेजी से निकली और पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। रात 10:30 बजे से 12:30 के बीच 2 घंटे तक वाहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था।
एसके पुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अटल पथ पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने आकर जिस कार की पहले से जांच हो रही थी पहले उसको धक्का मारा और पुलिसकर्मी इसकी चपेट में आ गए। एसएसपी ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने की बात कही है।
दिनांक 11.06.25 की रात्रि में #पटना_पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था।
— Patna Police (@PatnaPolice24x7) June 11, 2025
इसी क्रम में #श्रीकृष्णापुरी थानान्तर्गत अटल पथ पर एक कार की जांच की जा रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक कार द्वारा उक्त कार में टक्कर मार दी गई, जिसके आगे खडी़ गाड़ी में भी धक्का लगा जिससे… pic.twitter.com/QRlV6mlZkH
दो लोग हिरासत में
पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो लोगों को पकड़ लिया। जबकि कार चालक मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। कार की पहचान हो गई है। रजिस्ट्रेशन नंबर से मालिक का पता लगाया जा रहा है। अभी यह साफ नहीं है कि यह हादसा था या जानबूझकर इसका अंजाम दिया गया। पुलिस हर नजरिए से जांच कर रही है।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि कार बहुत तेज गति से चल रही थी। जिस वाहन से टक्कर मारी गई, उस पर बीजेपी का झंडा लगा हुआ था। इसकी जांच हो रही है।
कल रात भाजपाई मनचलों ने अपनी 90kmph की गति से भागती स्कॉर्पियो गाड़ी से पटना के अटल पथ पर 3 पुलिसकर्मियों को रौंदा!
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) June 12, 2025
महिला सिपाही कोमल की मौत! अन्य 2 गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती!
पूरा देश जानता है कि "अमृतकाल" में नियम, कायदे, कानून, पुलिस, अदालत… भाजपाइयों पर कोई अंकुश… pic.twitter.com/PsquARGhc1
राजद ने लगाया भाजपा पर आरोप
इस दर्दनाक हादसे के बाद राजद के अधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर हादसे पर प्रतिक्रिया दी है। एक्स पर लिखा, कल रात भाजपाई मनचलों ने अपनी 90 किमी प्रति घंटा की गति से स्कॉर्पियो गाड़ी से पटना के अटल पथ पर तीन पुलिसकर्मियों को रौंद दिया। महिला सिपाही कोमल की मौत हो गई है। दो अभी अस्पताल में भर्ती हैं। राजद का कहना है कि पूरा देश जानता है कि अमृत काल में नियम, कायदे, कानून, पुलिस, अदालत… भाजपाइयों पर कोई अंकुश नहीं लगा सकते। इसलिए भाजपाई हर प्रकार से इम्युनिटी पाने के लिए पूरे दंभ से भाजपाई झंडा लगाकर पूरे अहंकार से सड़कों पर चलते हैं।
गत रात्रि अटल-पथ पर जिस गाड़ी से पुलिस कर्मियों को कुचला गया उस पर लगे झंडे से,
— Bihar Congress (@INCBihar) June 12, 2025
उस अपराधी की वैचारिक स्थिति और चाल – चरित्र को बखूबी समझा जा सकता है!
यह घटना देख उत्तर प्रदेश में किसानों को थार से रौंदने वाली घटना याद आती है।
आप सभी को पता ही होगा वो थार वाला भी यही झंडा… pic.twitter.com/Qk32vLSHd3
कांग्रेस भी हमलावर
हादसे पर बिहार कांग्रेस ने एक्स पर लिखा कि बीत रात अटल-पथ पर जिस गाड़ी से पुलिसकर्मियों को कुचला गया। वाहन पर लगे झंडे से, उस अपराधी की वैचारिक स्थिति और चाल-चरित्र को बखूबी समझा जा सकता है। यह घटना देख उत्तर प्रदेश में किसानों को थार से रौंदने वाली घटना याद आती है। आप सभी को पता ही होगा वो थार वाला भी यही झंडा वाला संगठन का था। इस घटना में नालंदा की रहने वाली महिला पुलिस कर्मी की दुखद मौत हुई है एवं अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं। हमारी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं! ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि घायलों को यथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।