नई दिल्ली: संगीतमय शाम के साथ यमुनोत्सव में यमुना जी के शुद्धीकरण के मौजूदा प्रयासों पर और भविष्य की कार्य योजनाओं पर सार्थक संवाद भी हुआ। इसमें यमुना की मौजूदा स्थिति, गंभीर प्रदूषण समस्या और तटों के सुधार पर चर्चा हुई। कपिल मिश्रा ने यमुना स्वच्छता के संकल्प को दोहराया। जनभागीदारी की जरूरत पर भी रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि यमुना का तट केवल मिट्टी नहीं, हमारी आस्था और परंपरा की भूमि है। इसे संवारना, हमारी संस्कृति को संवारना है।
वहीं, आशीष सूद ने कहा कि यमुना की स्वच्छता तभी संभव है, जब हम शिक्षा के माध्यम से भावी पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाएं। स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक, यमुना का संदेश पहुंचाना जरूरी है।
यमुना संसद के संयोजक रविशंकर तिवारी ने बताया कि यमुना की शुद्धिकरण में फ्लड प्लेन में यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क अहम भूमिका होगी। पल्ला से जैतपुर से इसमें 25-30 पार्क बन सकते हैं। इससे यमुना जी की करीब 40 फीसदी बीमारी दिल्ली अपने स्तर पर दूर कर सकती है। यह एक तरह से यमुना जी को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से इलाज होगा। इसी निमित्त उन्होंने खुद के भिक्षाटन करने का भी जिक्र किया। संरक्षक कीर्ति शर्मा ने यमुना को ‘मां’ की संज्ञा देते हुए इसके प्रति भावनात्मक और नैतिक जुड़ाव को आवश्यक है।
न्यूजी इंडिया के एमडी कुमार उद्धव गोस्वामी ने कहा कि न्यूजी इंडिया हमेशा से प्राकृतिक चेतना के संवाहक रहा है। देश की नदियां बचनी चाहिए। इस दिशा में समाज को जागरूक करने के लिए उनका मीडिया हमेशा काम करता रहेगा। यहां खबरें हर तबके की होंगी और बिना किसी हंगामे के होंगी। हमारा मकसद बिना शोर के आम लोगों तक उनके काम की खबरें पहुंचाना है। साथ ही उनके आस-पास, देश-दुनिया में घट रही घटनाओं के प्रति समाज को जागरूक करना है।

अभय सोपोरी की भावमय प्रस्तुति
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पंडित अभय सोपोरी की भावमय संतूर वादन प्रस्तुति रही। करीब एक घंटे तक उन्होंने संगीत के माध्यम से यमुना जी पीड़ा बयां की। इस मौके पर उनके साथ तबले पर उस्ताद अकरम खान, घटम पर वरुण राजशेखरन, मृदंगम पर मनोहर बालाचंडीराणे संगत दी। कार्यक्रम में दिल्ली के व्यापारी वर्ग से जगमोहन गोटेवाला, प्रदीप गुप्ता, अभिषेक गनेड़ीवाला, विनय नारंग, बसंत गुप्ता, मनीष वर्मा, गोपाल गर्ग, राजेंद्र कपूर, चंद्रभूषण गुप्ता, मैकी जैन समेत बड़ी संख्या पर्यावरण प्रेमी, समाजसेवी, छात्र-छात्राएं और साधु-संतो मौजूद रहे।
सामाजिक अभियान बन रहा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यमुना की सफाई एक सामाजिक अभियान बन रहा है। यही यमुनोत्सव का उद्देश्य है। सभी दलों और नागरिकों को मिलकर इसमें योगदान देना चाहिए। हम पहले दिन से यमुना संसद के साथ हैं। आदर्श नगर से विधायक राजकुमार भाटिया ने कहा कि यमुना की दुर्दशा केवल प्रशासन की असफलता नहीं, समाज की उदासीनता का भी परिणाम है। अब समय है कि हम जागें और कार्य करें। पश्चिमी दिल्ली से सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि यमुना के पुनरुद्धार के लिए हम संसदीय स्तर पर भी हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद से यमुना सफाई के कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
