पटना: प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी को पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। प्रशांत ने पूर्णिया से दो बार के भाजपा से सांसद रहे पप्पू सिंह को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। 2019 लोकसभा चुनाव में जब जेडीयू और भाजपा का दोबारा गठबंधन हुआ और पूर्णिया सीट जेडीयू को चली गई तो पप्पू सिंह ने कांग्रेस से चुनाव लड़ा। लेकिन चुनाव में उनको शिकस्त मिली। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस से भी नाता तोड़ लिया और बीते कुछ वक्त से खुलकर जन सुराज पार्टी और प्रशांत किशोर के साथ हैं।
इसकी घोषणा करते हुए प्रशांत किशोर ने बताया कि जन सुराज की 150 सदस्यों की कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से फैसला लिया है कि उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह पार्टी के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। प्रशांत ने कहा कि बिहार में काबिलियत की कमी नहीं है। जनता के विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश जनसुराज करेगी। उधर, नाम के ऐलान के बाद उदय सिंह ने कहा कि जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर हैं। इनके लगन को शब्दों में बयान करना संभव नहीं है।
उदय के ही बंगले में रहते प्रशांत
प्रशांत किशोर पटना में जिस बंगले में रहते हैं, वो घर शेखपुरा हाउस पप्पू सिंह का ही है। पप्पू सिंह भी इसी बंगले के एक हिस्से में रहते हैं और दूसरा हिस्सा जन सुराज पार्टी के दफ्तर के तौर पर प्रशांत किशोर इस्तेमाल करते हैं। जन सुराज पदयात्रा के समय प्रशांत किशोर के संपर्क में आए पप्पू सिंह तब से ही साधन-संसाधन से जन सुराज की मदद कर रहे हैं।
आरसीपी सिंह ने भी जनसुराज की ली सदस्यता
बीते दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खास सिपहसालार आरसीपी सिंह ने जनसुराज में अपनी पार्टी का विलय कर लिया। इसके बाद से माना जा रहा था कि जनसुराज में उनको बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। लेकिन प्रशांत किशोर ने पप्पू सिंह पर भरोसा जताया है।