राजगीर: चिराग पासवान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष लोगो को आरक्षण के नाम पर दिग्भ्रमित कर रहा है। चुनाव के समय ही उन्हें आरक्षण याद आता है। इसके बाद वह इस मुद्दे को भूल जाते हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि लोगों को दिग्भ्रमित करने के लिए विपक्ष कई तरह के हथकंडे अपनाता है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी विपक्ष ने लोगो को गुमराह किया कि अगर NDA सत्ता में आयी तो वह संविधान खत्म कर देगी। लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए चिराग ने कहा कि राहुल गांधी हर जगह संविधान की लाल किताब लहराते हैं, लेकिन वह कभी अपनी दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा थोपे गए आपातकाल को लेकर कभी माफी नहीं मांगते। चिराग यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि जब तक चिराग जिंदा है, संविधान को कोई हाथ नहीं लगा सकता।
राजद पर साधा निशाना
राजद पर हमला बाेलते हुए चिराग पासवान ने कहा कि राजद दोहरा रवैया अपनाती है। वह वैसे लोगो के साथ गठबंधन करती है, जिसके विरोध में कभी सड़क पर आंदोलन किया था। जेपी के आंदोलन में कांग्रेस के खिलाफ खड़े रहे आज उसी कांग्रेस के साथ है। यह सीधे तौर पर आंदोलन के आदर्शों का अपमान है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए चिराग पासवान ने कहा कि जब सत्ता में थे, नौकरी के बदले जमीन लिखवा लिया करते थे। फिर, जनता को लालच दी जा रही है। इस बार पता नहीं क्या लिखवाने की तैयारी में है।