पटना: बिहार में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। शास्त्रीनगर नगर थाना क्षेत्र के राजाबाजार में हथियारबंद अपराधियों ने पारस अस्पताल में घुसकर एक मरीज को गोली मार दी। मरीज को तीन से चार गोली मारी गई है। गोली लगने से कैदी चंदन मिश्रा की मौत हो गई है। घटना के बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई थी। घटना की सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर, राजीव नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। कैदी ईलाज कराने के लिए पैरोल पर बाहर आया था। इसके पहले भी पटना में एक निजी अस्पताल में बदमाशों ने घुसकर अस्पताल संचालिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
जानकारी के अनुसार, चंदन मिश्रा मूल रूप से बक्सर का निवासी था। वह बक्सर जिले में केसरी नामक व्यक्ति की हत्या का दोषी था और बेउर जेल में उम्र कैद कि सजा काट रहा था। 2 जुलाई को चंदन को कोर्ट से ईलाज कराने के लिए पैरोल मिला था। तबियत बिगड़ने पर ईलाज के लिए पटना के पारस अस्पताल में भर्ती हुआ था।
सीसीटीवी में दिखे 4 से 5 बदमाश
पुलिस ने पारस अस्पताल के कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि बदमाशों की संख्या 4 से 5 थी, जिसमें दो अपराधी इमरजेंसी गेट से जबकि दो ओपीडी गेट से अंदर आए थे। कोई भी अपराधी ने अपना चेहरा नहीं ढका था। पुलिस ने डीवीआर को जब्त कर लिया है। घटना के बाद चारों शूटर हाथ में हथियार लहराते हुए मुख्य गेट से बाहर निकलकर समनपुरा गली में भाग गए। कयास लगाया जा रहा घटना में दो बाइक का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस ने अस्पताल को किया सील
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी कार्तिकेय शर्मा खुद टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे अस्पताल को सील कर दिया है। पटना जिले की सीमाओं को बंद कर दिया गया है और हर गाड़ी की तलाशी ली जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में चार अपराधी नजर आए हैं, जिनकी तस्वीरें बक्सर, भोजपुर और वैशाली के एसएसपी को भेजी गई हैं। एसएसपी ने बताया कि चंदन मिश्रा की हत्या गैंगवार का हिस्सा हो सकती है। मिश्रा और कुख्यात अपराधी शेरू सिंह कभी एक ही गिरोह में थे, लेकिन बाद में आपसी विवाद के चलते दोनों जानी दुश्मन बन गए थे। दोनों को पहले फांसी की सजा हुई थी जिसे बाद में उम्रकैद में बदल दिया गया।
घटना पर तेजस्वी यादव ने कसा तंज
घटना पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने एक्स पर कहा, अपराधियों ने अस्पताल में भर्ती मरीज को आईसीयू में घुसकर गोली मारी। बिहार में कोई भी कहीं भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि वर्ष 2005 से पहले ऐसे होता था।
सांसद पप्पू यादव को पुलिस ने रोका
घटना कि जानकारी मिलते ही पूर्णिया लोकसभा से कांग्रेस सासंद पप्पू यादव पटना के पारस अस्पताल पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें अस्पताल में जाने से रोक दिया। इस दौरान पप्पू यादव और पुलिसकर्मियों के बिच हल्की नोकझोंक भी हुई। मीडिया से बातचित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था ध्वस्त है यहां कोई सुरक्षित नहीं है।