नई दिल्ली: देश का पर्वोत्तर हिस्सा इस वक्त बारिश और बाढ़ के दुष्चक्र में फंसा हुआ है। पूर्वी भारत में सभी राज्यों में बारिश से बाढ़ के हालात बने हुए हैं। बाढ़ व भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में 22 लोगों के मौत की खबर है। अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, सिक्किम, असम, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर के हालात खराबहैं।
अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, असम की राजधानी गुवाहाटी में भूस्खल से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में नौ और मिजोरम, त्रिपुरा व मेघालय में आठ मौतों की सूचना है। मृतकों की संख्या अभी बढ़ने की आशंका जाहिर की जा रही है।
असम सबसे ज्यादा प्रभावित
असम सबसे ज्यादा प्रभावित है। अकेले इसी राज्य में बारिश व बाढ़ से बीते 24 घंटों में आठ लोगों की मौत हुई है। राज्य के 12 जिलों के करीब 175 गांवों में 58,091 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं, सात हजार लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि करीब 8000 हेक्टेयर खेती की जमीन बाढ़ में डूबी हुई है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समेत सभी आपातकालीन सेवाएं बाढ़ प्रभावितों को राहत पहुंचाने में लगी हैं।
सभी नदियां उफान पर
शनिवार से हो रही भारी बारिश से ब्रह्मपुत्र, तीस्ता समेत दूसरी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम के कई इलाकों की बिजली काट दी गई है। त्रिपुरा में 1300 परिवारों को राहत शिविरों में भेज दिया गया है। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर में पांच जून तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
Spoke with the Chief Ministers of Assam, Sikkim, and Arunachal Pradesh and Governor of Manipur in the wake of ongoing heavy rainfall in their states. Also assured them of every possible help to tackle any situation. The Modi government stands like a rock in support of the people…
— Amit Shah (@AmitShah) June 1, 2025
गृह मंत्री ने ली जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वोत्तर के हालात पर नजर बनाए हुए हैं। गृहमंत्री ने एक्स पर लिखा कि असम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री व मणिपुर के राज्यपाल से बात कर हालात का जायजा लिया है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को केंद्र से पूरी मदद देने का भरोसा दिया है।
स्कूल-कॉलेज बंद
पूर्वोत्तर के सभी राज्यों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के स्कूल और कॉलेज बंद करने का फैसला लिया है। साथ ही लोगों को घर पर रहने की सलाह दी है। उधर, मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
दिल्ली-एनसीआर में आंधी, तूफान और बारिश
दिल्ली-एनसीआर में जून की शुरुआत आंधी, तूफान और बारिश से हुई है। रविवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सबसे तेज हवाएं शाम 4:30 बजे पालम में चलीं। इनकी रफ्तार 96 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई है। वहीं, सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक कुल 15.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। दूसरी तरफ रविवार अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम के साथ 37.9 डिग्री दर्ज। मौसम विभाग ने 2-3 जून के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
