नई दिल्ली: बॉलीवुड के पसंदीदा कपल्स में से एक रणबीर कपूर और आलिया भट्ट जल्द ही अपने नए घर में शिफ्ट होने वाले हैं। दोनों इस वक्त मुंबई के वास्तु बिल्डिंग में रहते हैं। मगर अब दोनों अपने नए घर में शिफ्ट होने की तैयारी में हैं। पिछले कुछ सालों से रणबीर और आलिया अपने नए घर को अपने मनमुताबिक डिजाइन करवा रहे थे और अब उनका नया बंगला बनकर एकदम तैयार हो गया है।
जैसा कि आप जानते हैं कि रणबीर कपूर और आलिया भट्ट पिछले कुछ सालों से अपना नया घर बनवा रहे थे। नीतू कपूर के साथ मिलकर दोनों ने अपना घर बनवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। चाहे वे दोनों कितने भी बिजी क्यों न हों, कपूर परिवार समय-समय पर कंस्ट्रक्शन की हर बारीकी को देखने के लिए आता रहता था।
रेडी हुआ रणबीर-आलिया का बंगला
रणबीर और आलिया के नए घर की एक झलक सोशल मीडिया पर सामने आई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कपल का नया घर पूरी तरह बनकर तैयार है। हरियाली के बीच रहना उन्हें कितना पसंद है, यह उनके टेरेस गार्डन, बालकनी में लगे पौधे और बगीचे में लगे पेड़ों से पता चलता है। बहुमंजिला बंगले की कीमत 250 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
रणबीर-आलिया कब होंगे शिफ्ट?
एक रिपोर्ट के मुताबिक, रणबीर-आलिया का घर लगभग बनकर तैयार हो चुका है, बस कुछ फिनिशिंग बाकी है जो एक से दो महीने में पूरी हो जाएगी। जब घर बनकर तैयार हो जाएगा तो कपल अपनी बेटी राहा के साथ वहां शिफ्ट हो जाएंगे।
बंगले की क्या है खासियत?
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का ये बंगला कपूर खानदान के बहुत करीब है। यह राज कपूर और उनकी पत्नी कृष्णा राज कपूर का घर था जो बाद में नीतू कपूर और ऋषि कपूर को दिया गया था। अब यहां रणबीर और आलिया रहेंगे जिन्होंने इस बंगले को अपने मनमुताबिक बनवाया है। रणबीर और आलिया ने इस घर को ‘होम’ नाम दिया है।