नई दिल्ली: फुलेरा गांव की कहानी एक बार फिर सुर्खियों में है। पंचायत सीजन 4 (Panchayat 4 Trailer) का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और फैंस इसे लेकर काफी क्रेजी हैं। खास बात ये कि जहां ज्यादातर प्रोजेक्ट्स की रिलीज डेट टलती है, वहीं पंचायत अपनी तय तारीख से एक हफ्ते पहले यानी 24 जून से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो जाएगी।
चुनावी जंग और अनसुलझे सवालों का तड़का
सीजन 4 में मंजू देवी और क्रांति देवी के बीच चुनावी टक्कर देखने को मिलेगी, जो फुलेरा की सियासत को गरमा देगी। इसके साथ ही तीसरे सीजन के अनसुलझे सवाल भी फैंस की उत्सुकता बढ़ा रहे हैं। आइए नजर डालते हैं उन सवालों पर, जिनके जवाब का इंतजार हर कोई कर रहा है:
प्रधानजी को गोली किसने मारी?
तीसरे सीजन के क्लाइमेक्स में प्रधानजी को गोली लगने की घटना ने सबको चौंका दिया। विधायक को इसके लिए गिरफ्तार किया गया, लेकिन उन्होंने साजिश से इनकार कर दिया। अब सवाल ये है कि गोली चलाने वाला असल में कौन था? क्या सीजन 4 में ये राज खुलेगा?
सचिव जी का ट्रांसफर कैसे रुका? प्यार की गाड़ी कहां पहुंची?
ट्रेलर से पता चलता है कि सचिव जी का ट्रांसफर रुक गया है, लेकिन ये हुआ कैसे, ये रहस्य सीरीज में ही खुलेगा। साथ ही, रिंकी और सचिव जी के रोमांस का क्या हुआ? क्या दोनों अब कपल बन जाएंगे, या विधायक की बेटी के साथ लव ट्रायंगल फंसेगा? फैंस इस लव एंगल को लेकर बेकरार हैं।
राजनीतिक टकराव लाएगा क्या नया मोड़?
विधायक ने मंजू देवी और प्रधानजी को दी थी खुली चेतावनी। अब बनराकस ने विधायक से हाथ मिला लिया है और क्रांति देवी मंजू देवी के सामने चुनावी मैदान में हैं। फुलेरा की इस सियासी जंग में मतभेद, आक्रोश और इमोशन्स का हर रंग दिखेगा। क्या क्रांति देवी और बनराकस मंजू देवी की मेहनत पर पानी फेर देंगे, या फुलेरा में एक बार फिर ‘लौकी’ की सब्जी बनेगी?
क्या सीजन 4 देगा जवाब या बढ़ाएगा सस्पेंस?
पंचायत सीजन 4 का इंतजार फैंस के लिए किसी रोमांचक सफर से कम नहीं। क्या ये सीजन सभी सवालों के जवाब देगा, या फिर नई उलझनें खड़ी करेगा? 24 जून से प्राइम पर स्ट्रीम होने वाली इस सीरीज का दमदार अंदाज देखने के लिए तैयार हो जाइए!