नई दिल्ली: सालों गुजर गए, लेकिन धर्मेश दर्शन की धड़कन (Dhadkan) आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है। रोमांटिक ड्रामा, दिल को छू लेने वाली कहानी और शानदार म्यूजिक इस फिल्म में सब कुछ था। 25 साल बाद भी इसके गाने शादियों में, ब्रेकअपप्लेलिस्ट में और हर जज्बाती पल में बजते सुनाई दे जाते हैं।
धड़कन फिल्म को अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और शिल्पा शेट्टी की तिकड़ी ने यादगार बना दिया था। सोचिए, अगर आज के दौर में इसकी रीमेक बने, तो किन सितारों को अक्षय कुमार, शिल्पा शेट्टी, सुनील शेट्टी के रोल के लिए कास्ट किया जा सकता है? चलिए करते हैं थोड़ा सा फिल्मी खेल:
लव ट्राएंगल धड़कन की कहानी
साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म धड़कन की कहानी आज भी उतनी ही ताजा लगती है। फिल्म की कहानी तीन किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है। अंजलि (शिल्पा शेट्टी) एक अमीर परिवार से ताल्लुक रखती है और दिल दे बैठती है देव (सुनील शेट्टी) को, जो एक साधारण परिवार से है। अंजलि की जिद पर देव उसके पिता (किरण कुमार) से मिलता है, लेकिन उनका लड़के का अंदाज पसंद नहीं आता।
पिता के दबाव में अंजलि की शादी राम (अक्षय कुमार) से हो जाती है, लेकिन दिल अभी भी बीते रिश्ते में अटका होता है। एक दिन राम की सौतेली मां अंजलि पर चोरी का इल्जाम लगा देती है। उस वक्त राम अपनी पत्नी का खुलकर साथ देता है, जिससे अंजलि का नजरिया बदल जाता है और वह राम से प्यार करने लगती है। तभी देव की दोबारा एंट्री होती है और कहानी एक नए मोड़ पर आ जाता है।
शिल्पा शेट्टी का रोल (अंजलि)
इस किरदार में ग्रेस, इमोशन और ग्लैमर का परफेक्ट कॉम्बिनेशन चाहिए। आज के समय में दीपिका पादुकोण या कियारा आडवाणी इस रोल को बखूबी निभा सकती हैं। दोनों के पास वह टैलेंट है जो अंजलि जैसे किरदार में जान डाल सके।
अक्षय कुमार का रोल (राम)
राम के किरदार में संवेदनशीलता के साथ एक मजबूत व्यक्तित्व चाहिए। ऐसे में विकी कौशल या रणबीर कपूर इस रोल में खूब जंच सकते हैं। इन दोनों एक्टर्स में वो गहराई है, जो राम के इमोशंस को आज के दर्शकों तक सही तरीके से पहुंचा सके।
सुनील शेट्टी का रोल (देव)
देव का किरदार सबसे चुनौतीपूर्ण है। उसमें इंटेंसिटी, दर्द और एंगर तीनों की जरूरत है। रणवीर सिंह या विद्युत जामवाल जैसे एक्टर्स इस रोल में जबरदस्त छाप छोड़ सकते हैं। इन दोनों के पास वो जुनून और पावर है जो इस किरदार को यादगार बना दे।
तो अगर धड़कन का रीमेक बनता है, तो ऐसी स्टारकास्ट के साथ ये फिल्म आज के जेनरेशन को भी उतना ही इंप्रेस कर सकती है, जितना ओरिजिनल ने किया था।