नई दिल्ली: बॉलीवुड की पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी की अदाकारी और खूबसूरती का जादू आज भी बरकरार है। 24 फरवरी 2018 को दुनिया को अलविदा कहने वाली इस ‘चांदनी’ की यादें आज भी फैंस के दिलों में ताजा हैं। उनकी फिल्में जब टीवी पर आती हैं, तो लगता है जैसे वह हमारे बीच ही हों। श्रीदेवी ने हिंदी सिनेमा के साथ-साथ तमिल, तेलुगु और अन्य भाषाओं की फिल्मों में भी अपनी छाप छोड़ी। लेकिन क्या आप जानते हैं कि महज 13 साल की उम्र में उन्होंने सुपरस्टार रजनीकांत की मां का किरदार निभाकर सबको हैरान कर दिया था?
‘मूंद्रू मुदिचू’ में श्रीदेवी बनीं रजनीकांत की सौतेली मां
के. बालचंद्र के निर्देशन में बनी 1976 की तमिल फिल्म मूंद्रू मुदिचू में श्रीदेवी ने रजनीकांत और कमल हासन के साथ स्क्रीन साझा की थी। इस फिल्म में श्रीदेवी ने सेल्वी का किरदार निभाया, जो रजनीकांत के किरदार प्रसाद की सौतेली मां बनती है। 13 साल की उम्र में श्रीदेवी ने इस चुनौतीपूर्ण रोल को बखूबी निभाया, जिसमें उनकी उम्र 18 साल दिखाई गई थी।
रजनीकांत-श्रीदेवी की सुपरहिट जोड़ी
श्रीदेवी और रजनीकांत की जोड़ी ने मूंद्रू मुदिचू के अलावा गायत्री, पथिनारू वयाथिनिले, कविकुयल, जॉनी उस्ताद, चालबाज, पोक्किरी राजा, भगवान दादा, गैर कानूनी और फरिश्ते जैसी फिल्मों में धमाल मचाया। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीता।
श्रीदेवी की विरासत
बचपन से अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाली श्रीदेवी ने अपनी प्रतिभा से हर किरदार को जीवंत कर दिया। मूंद्रू मुदिचू में 13 साल की उम्र में रजनीकांत की मां का किरदार निभाना उनकी बहुमुखी प्रतिभा का सबूत है। आज भी उनकी फिल्में और उनका जादू फैंस के दिलों में जिंदा है।