पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन महीने में तीसरी बार बिहार दौरे में जाने वाले हैं। 20 जून को वह सिवान में रैली करेंगे। इस दौरान कई विकास योजनाओं की नींव रखी जाएगी। भाजपा इस रैली को कामयाब बनाने के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रही है। दिलचस्प यह कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन इस इलाके में बेहतर नहीं रहा था। माना जा रहा है कि पीएम की रैली के सहारे NDA अपना जनाधार मजबूत करने की कोशिश में है।
यही वजह है कि भाजपा समेत पूरा एनडीए रैली को कामयाब बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर काम कर रहा है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद लोगों से रैली में पहुंचने की अपील कर रहे हैं। मंगलवार उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर कहा है, मैं सभी लोगों से आग्रह करना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री 20 जून को सिवान आ रहे हैं। आपसे आग्रह है कि लाखों की संख्या में जुटें। बिहार के विकास में देश के प्रधानमंत्री मोदी का आशीर्वाद मिल रहा है।
मैं आप सभी से आग्रह करता हूँ कि 20 जून को सिवान में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के आगमन पर अधिक से अधिक संख्या में पहुँचें।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) June 17, 2025
प्रधानमंत्री जी विकास की अनेक सौगातें लेकर आ रहे हैं। आइए, इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें और विकास यात्रा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। pic.twitter.com/NaJVRYkFMH
प्रधानमंत्री दौरे से NDA को मिलेगी मदद
प्रधानमंत्री के दौरे के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। खासतौर से मुस्लिम बहुल सिवान जिले में उनकी रैली चर्चा का विषय बना है। यहां करीब तीन लाख मुस्लिम, 2.5 लाख यादव, 1.25 लाख कुशवाहा और करीब 80,000 साहनी मतदाता हैं। इसके अलावा अगड़ी जाति के करीब चार लाख और 2.5 लाख अति पिछड़ा समूह के लोग हैं।
सिवान जिले में दो लोक सभा सिवान और महराजगंज हैं। इसमें आठ विधानसभाएं आती हैं। महाराजगंज में सिवान की दो और सारण की चार विधानसभा हैं। 2020 चुनाव में इन आठ विधानसभाओं में दो पर भाजपा, दो पर भाकपा माले, एक पर कांग्रेस और तीन पर राजद के उम्मीदवार विजयी हुए थे। मतलब, आठ में से छह पर महागठबंधन ने कब्जा किया। ऐसे में पीएम का दौरा उस क्षेत्र में रखा गया है, जहां भाजपा के लिए संभावना ज्यादा है।
मंत्रियों ने संभाला मोर्चा
इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पहुंचेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर बिहार सरकार में मंत्री विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग सह प्रभारी मंत्री सारण जिला सुमित कुमार सिंह, मंत्री स्वास्थ्य विभाग मंगल पाण्डेय एवं मंत्री सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग कृष्ण कुमार मंटू की लगातार बैठकें कर रहे हैं। इस दौरान लोगों को रैली में शामिल होने का निमंत्रण भी सौंपा जा रहा है।
NDA ने झोंकी ताकत
भाजपा के साथ NDA ने भी पीएम के दौरे का कामयाब बनाने की पूरी ताकत झोंक दी है। बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संगठन की शक्ति और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया। सीवान, गोपालगंज और सारण के 24 विधानसभा क्षेत्र के लिए एनडीए को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। तीनों जिले में 2020 में एनडीए का प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा था।
तेजस्वी ने किया सवाल
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पीएम के दौरे पर तंज कसा है। तेजस्वी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, बिहार में चुनाव हैं तो रह-रह कर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा को बिहार की याद आ रही है! इन लोगों को बताना चाहिए कि उन्होंने 11 साल में बिहार को क्या दिया? पुरानी योजनाओं को ही बार-बार नए काम के रूप में गिनवा देते हैं! पिछले 10 साल से केंद्र सरकार का कोई काम आगे नहीं बढ़ रहा है। योजनाएं जस की तस पड़ी हुई हैं और यह लोग उन्हें को बार-बार बस उन्हीं पीछे चल रही योजनाओं को गिनवा कर अपनी ही पीठ थपथपा देते हैं!