पटना: बिहार चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने करोड़ों पेंशनधारियों को बड़ा तोहफा दिया है। सीएम ने शुक्रवार वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगजनों सहित 1.11 करोड़ लाभार्थियों के बैंक खाते में 1,100 रुपये बढ़ी पेंशन राशि की पहली किस्त जारी कर दी। राजधानी पटना में आयोजित एक समारोह के दौरान छह विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत 1,227 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई। बिहार सरकार ने 24 जून को पेंशन राशि 400 रुपये प्रति माह से बढ़ाकर 1,100 रुपये कर दी थी।
नीतीश कुमार ने इस अवसर पर कहा, बुजुर्ग समाज का एक महत्वपूर्ण अंग हैं और उनके लिए सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार इस दिशा में प्रयास जारी रखेगी। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यह राशि हर महीने की 10 तारीख को वितरित की जाए। बिहार सरकार राज्य में महिलाओं के समग्र विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है।
सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है। हमने उनकी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार को प्राथमिकता देकर महिला सशक्तिकरण के संदर्भ में एक मिसाल कायम की है। 2005 से पहले की सरकारों ने महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया। हमारे सत्ता संभालने के बाद ही असली बदलाव शुरू हुआ। जिनकी उम्र 60 साल है, चाहे वह पुरुष हो या महिला, सभी को यह मदद दी जाएगी। 60 साल से ज्यादा के सभी दिव्यांगों को भी यह सहायता दी जा रही है। वहीं, सभी विधवा महिलाओं को भी 1100 दिए जा रहे हैं।
आज 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत राज्य के 1 करोड़ 11 लाख से अधिक लाभार्थियों के खाते में डी॰बी॰टी॰ के माध्यम से बढ़ी हुई दर से 1227.27 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई। सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400… pic.twitter.com/3g205K2hpF
— Nitish Kumar (@NitishKumar) July 11, 2025
इन योजनाओं के तहत दी गयी राशि
यह राशि छह सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन (35.57 लाख), लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन (8.64 लाख), बिहार विकलांगता पेंशन (9.65 लाख), इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन (6.32 लाख), इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विकलांगता पेंशन (1.10 लाख), और मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन (49.89 लाख) के तहत वितरित की गई।