मौजूदा कार्यकाल में 50 लाख की बेरोजगारी दूर कर लेने का नीतीश सरकार का दावा

Share This Article:

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार 21,391 युवाओं को नियु​क्ति पत्र सौंपा। सभी नियु​क्तियां बिहार पुलिस के लिए हुई हैं। इसके अलावा अलग-अलग विभागों में करीब दो लाख पदों की बहाली की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही इसे भी पूरा कर लिया जाएगा।
अ​धिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री का रोजगार पर खास ध्यान है। 2020 से लेकर अब तक 9,60,000 से ज्यादा नौकरी दी गई है। इसमें से 10 से ज्यादा बार नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में खुद सीएम ने ​शिरकत की है। प्रक्रिया अभी जारी है। जल्द ही युवाओं को दो लाख और रोजगार दिए जाएंगे।
अ​धिकारी बताते हैं कि इसके साथ ही बिहार में 24 लाख लोगों को अलग- अलग सेक्टर में रोजगार के अवसर मुहैया कराए गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा रोजगार उद्योग क्षेत्र में मिला है। इसके लिए जिलों में कई औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए गए हैं। यहां छोटी-बड़ी कंपनियां अपनी इकाई स्थापित कर बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार दे रही हैं।

सबसे ज्यादा मुजफ्फरपुर में
सबसे ज्यादा रोजगार मुजफ्फरपुर के बेला इंडस्ट्रियल एरिया, भोजपुर के गीधा और बिहटा औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध हुए हैं। साथ में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत प्रदेश में अब तक 40 हजार से ज्यादा उद्यमियों ने अपना खुद का कारोबार शुरू किया है। इन इकाइयों में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर भी बड़ी संख्या में महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ी हैं। बिहार सरकार का दावा है कि पांच साल में 50 लाख युवाओं को नौकरी/ रोजगार देने का रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री ने 10 लाख युवाओं को नौकरी देने का किया था वादा
2020 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने लिए सात निश्चय तय किए थे। इसके दो नंबर के निश्चय के तहत 10 लाख युवाओं को नौकरी और 10 लाख को रोजगार देने का वादा था। इसे बढ़ाकर अब 12 लाख नौकरी एवं 38 लाख रोजगार कर दिया गया है। 
इसमें अब तक विभिन्न विभागों में 9,60,000 से अधिक बहाली हो चुकी है। बाकी की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही 10 लाख की जगह अब तक 24 लाख लोगों के लिए रोजगार की व्यवस्था की जा चुकी है। इस वर्ष चुनाव से पहले तक 38 लाख लोगों को रोजगार मिल जाएगा।

शिक्षक नियुक्ति में बिहार अव्वल
बिहार ने बड़े पैमाने पर शिक्षकों की नियुक्तियां हुई हैं। 2023 में बिहार सरकार ने निर्णय लिया कि अब शिक्षकों की नियुक्ति बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से होगी। बीपीएससी ने शिक्षक नियुक्ति के पहले चरण में 1,20,336 शिक्षकों की नियुक्ति की। 2 नवंबर 2023 को पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री ने चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया। 
इसके बाद 13 जनवरी 2024 को शिक्षक नियुक्ति के दूसरे चरण में 96,823 शिक्षकों की तैनाती हुई। अगले चरण में 9 मार्च 2025 को गांधी मैदान में 51,389 शिक्षकों ​की नियुक्ति हुई। इस हिसाब से अभी तक 2,66,558 नए शिक्षक बहाल हुए हैं। इसके प्रधानाचार्य पद की परीक्षा में चयनित 42, 918 अभ्यर्थी चयनित हुए।

पुलिस सेवा में भी बहाली
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 28 जून को पटना के बापू सभागार में 21,392 सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपा है। इससे पहले 21 अक्टूबर 2024 को नवनियुक्त 1,239 पुलिस अवर निरीक्षकों (दारोगा) को नियुक्ति पत्र दिए गये। बिहार में पहली बार ट्रांसजेंडर पुलिस अवर निरीक्षकों को भी इस मौके पर नियुक्ति पत्र सौंपा गया।

दूसरे विभागों में भी हुई नियु​क्तियां
शिक्षा, स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर बहाली हो रही है। इसी साल चार फरवरी को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में नवनियुक्त 6341 कनीय अभियंताओं व 496 अनुदेशकों सहित कुल 6,837 अभ्यर्थियों की नियु​क्ति की गई। 29 मार्च को मुख्यमंत्री ने 715 सहायक उर्दू अनुवादकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। स्वास्थ्य विभाग में कुल 35,383 नई बहाली की प्रक्रिया पूरी हो गई है।

नये पदों के सृजन को मिल रही है मंजूरी
बिहार में लगातार नये पदों के सृजन की स्वीकृति दी जा रही है। आने वाले कुछ महीनों में विभिन्न विभागों में 2 लाख के करीब बहाली की प्रक्रिया पूर्ण होगी। इसको लेकर प्रक्रिया जारी है।

NewG Network

contact@newgindia.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.

Contact Us  |  Privacy Policy  |  Terms of Use