समस्तीपुर: पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी के बेटे मुकेश सहनी व उनके ड्राइवर रघुवीर महतो पर नाबालिग लड़की को जबरन उठाकर छेड़खानी करने का आरोप लगा है। रविवार पीड़ित नाबालिग की शिकायत पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी तरफ पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी ने भी अपने घर पर हुए हमले व तोड़फोड़ को लेकर थाने में शिकायत दी है। इसमें कुछ लोगों को नामजद भी किया है।
नाबालिग पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की देर रात वह घर से बाहर अपने प्रेमी से मिलने निकली थी। घर वापस लौटते वक्त पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी के पुत्र मुकेश सहनी और उनके ड्राइवर रघुवीर महतो ने जबरदस्ती उसे रोक लिया और छेड़खानी की। इसके बाद उसका वीडियो भी बना लिया। घर लौटने पर लड़की ने अपने प्रेमी को फोन कर इसकी जानकारी दी।
थोड़ी ही देर में प्रेमी घर के पास आया। इसके बाद नाबालिग पीड़िता ने मुकेश सहनी और रघुवीर महतो पर दुष्कर्म करने और उसका वीडियो बनाने की ऑडियो रिकॉर्डिंग परिवार वालों को भेज दिया। फिर, प्रेमी के साथ घर से निकल गयी। बाइक से दोनों एक रिश्तेदार के यहां पहुंचे, जहां बारिश में भीग जाने पर उसने कपड़ा भी बदल लिया।
उधर, पूर्व मंत्री के घर पर परिजन पहुंच गए। इस दौरान हंगामा हुआ। इसी बीच नाबालिग शनिवार शाम स्थानीय थाने पर पहुंच गई। पुलिस को सूचना मिली कि पूर्व मंत्री के घर पर हंगामा हुआ है और दोनों आरोपियों की बेरहमी से पिटाई की जानकारी पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू पाया और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पूर्व मंत्री का बेटा मुकेश सहनी मौका देख वहां से निकल गया। रविवार को नाबालिग पीड़िता ने पूर्व मंत्री के बेटे मुकेश सहनी और उनके ड्राइवर रघुवीर महतो पर जबरदस्ती छेड़खानी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया गया।
थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। ड्राइवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, आरोपी मुकेश सहनी की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। पीड़िता का बयान न्यायालय में दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है। जल्द ही मंत्री के फरार बेटे को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।