बिहार में इश्क, इजाजत और इनकार की नई कहानी

कहानी इश्क, इजाजत, तकरार और इनकार की है। कभी जब इश्क हु​आ था तो खूब निभी। वह भी ऐसा कि धर्म तक बदलना स्वीकार किया। फिर, मसला तकरार और उससे आगे इंकार तक जा पहुंचा। और आज, जब वलीमा का मंच सज ही रहा था, शौहर की दोनों बेगमों का सामना हो गया। फिर, वही हुआ, अमूमन जो होता है। सड़क पर तमाशा, तमाशबीन भीड़ और खाकी की इंट्री। सिलसिलेवार ढंग से पूरी कहानी बयां कर रहे हैं, गया से एसकेउल्लाह गुड्डू...

Share This Article:

गया: बिहार में इश्क, इजाजत और इनकार की एक नई कहानी सामने आई है। गया जिले के शेरघाटी में एक शौहर और दो बेगम की अनोखी दास्तान से शेरघाटी में पैदा हुई हलचल शनिवार शाम तक तमाशा बन गई। तमाशा हुआ, तो तमाशबीन भी जुटे। बात पुलिस तक पहुंच गई। वह भी तब, जब शौहर और उसका परिवार दूसरी शादी के बाद वलीमा की तैयारी कर रहा था। रविवार को वलीमा यानि वर-वधू स्वागत समारोह की तारीख तय है।

जो शौहर हैं, उनका नाम रिजवी है। अभी तीन दिन पहले की बात है। नवादा जिले में रिजवी की शादी हुई। धूमधाम से बारात गई थी और निकाह-शादी के बाद दुल्हन भी लौटती बारात के साथ लड़के के घर आई। घर पड़ोस में अब तैयारियां रविवार के वलीमा की चल रही थीं। एक दिन पहले शेरघाटी के गोला बाजार रोड पर रौनक पसरी थी।

अचानक आ धमकी पहली बेगम, मचा बवेला

फूटती खु​शियों ने नया मोड़ तब लिया, जब शनिवार दोपहर बाद मध्य प्रदेश के भोपाल से एक लड़की बैग बैगेज के साथ दूल्हे के घर आ धमकी। उसने अपना नाम खुश्बू बताया और दावा किया कि पांच साल पहले उससे भोपाल में शेरघाटी के गोला बाजार रोड के डाॅ. हैदर मोड़ पर रहने वाले एक लड़के ने मुस्लिम रीति रिवाज से शादी रचाई थी। इसके बाद से वह उसके साथ लगातार रह भी रहा था। छह महीने से वह उससे दूर रह रहा था और राब्ते से अलग हो गया था। लड़के की दूसरी शादी की बात पता चलने पर उसका यहां आना हुआ है।

लड़के के घर में नहीं मिली पहली बेगम को इंट्री

जाहिर है शादी वाले घर में लड़के की पहली बेगम होने का दावा करते हुए अजनबी लड़की के अचानक दरवाजे पर पहुंच जाने के बाद उसे इंट्री नहीं मिली। इससे बावेलामच गया। आस-पास के लोग सड़क पर इकट्ठा हो गए। बात पुलिस तक पहुंची और वर्दीवाले भी आ धमके। हंगामा बढ़ते देख लड़का तो घर के पिछवाड़े से निकल भागा और परिवार वालों ने भी दरवाजे को बंद कर पुलिस या लड़की से कोई बात करने से मना कर दिया। घंटे-भर के शोर-शराबे और तमाशे के बाद कानूनी कार्रवाई शुरु करने के लिए लड़की को पुलिस अपने साथ ले गई।

धर्म परिवर्तन कर रचायी थी शादी

खुश्बू बुनकर नाम की इस लड़की ने बताया कि 5 अगस्त 2020 को उसने भोपाल के अपने घर में ही धर्म परिवर्तन करने के बाद शेरघाटी के रिजवी से मुस्लिम रीति रिवाज से शादी की थी। लड़का उसके रिश्ते की एक बहन का दोस्त था और पहले से उसके घर आता जाता था। इसी दौरान वर्ष 2018 में वह उसके संपर्क में आई। दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे। बात आगे बढ़ी और 2020 में उसके साथ शादी कर ली।

पहले भी हो चुका है मुकदमा

शादी के कुछ दिन बाद ही मतभेद उभरने लगे और मामला कोर्ट-कचहरी तक पहुंच गया। केस अभी चल ही रहा है। इस बीच समझौता हुआ और लड़के की जमानत भी करवाई गई। फिर सब कुछ ठीक चल रहा था। वह पहले भी शेरघाटी आकर छह दिनों तक रही थी। इधर छह महीने से लड़के ने फिर मुंह मोड़ लिया था।

खुश्बू का कहना है कि वह पहले भोपाल में जॉब करती थी, मगर शादी के बाद उसने नौकरी भी छोड़ दी और इसी लड़के पर निर्भर हो गई थी। खुश्बू का यहां तक कहना है कि अगर इस्लाम धर्म में एक से अधिक शादियों की इजाजत है तो ठीक है। वह इजाजत भी देगी और साथ रहेगी भी। लेकिन लड़का पक्ष के लोग उसे शरण देने को तैयार नहीं हैं।

शेरघाटी के गोला बाजार रोड पर लड़के के घर के सामने जुटी भीड़

अब कानूनी हल का इंतजार

अब मामला पुलिस के पास पहुंच गया है। अब इस मसले का कानूनी हल क्या निकलता है, यह देखने वाली बात है। इस बीच रविवार को होने वाले वलीमे को लेकर भी असमंजस बना हुआ है। अब नई शादी के बाद वधु पक्ष की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, यह देखना भी दिलचस्प होगा।

NewG Network

contact@newgindia.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.

Contact Us  |  Privacy Policy  |  Terms of Use