नई दिल्ली: आईएमडी के मुताबिक, देश भर में मानसूनी बारिश दीर्घकालिक औसत (एलपीए) का 106% रहने की संभावना है। इसमें चार फीसदी कमी या बेशी की गुंजाइश भी है। यह मानसून ऋतु के दौरान सामान्य से अधिक बारिश होने की संकेत है।
आईएमडी के मुताबिक, इसमें क्षेत्रवार मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में सामान्य से अधिक बारिश होगी। जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में वर्षा का स्तर सामान्य रहने की उम्मीद है। इसके विपरीत पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। मॉनसून कोर जोन, (एमसीजेड), जिसमें भारत की अधिकांश वर्षा-आधारित कृषि भूमि शामिल है, में भी सामान्य से अधिक वर्षा का पूर्वानुमान है। यह खरीफ फसल के लिए फायदेमंद होगा।
दूसरी तरफ जून से सितंबर के बारे में आईएमडी का कहना है कि देश के अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक बारिश होगी। सिवाय उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों के साथ ही पूर्वोत्तर भारत के कई क्षेत्रों में, जहां सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है।
बारिश का मासिक औसत सामान्य व सामान्य से ज्यादा
वहीं, जून में देशव्यापी वर्षा सामान्य से अधिक होने का अनुमान है। जबकि अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। प्रायद्वीपीय क्षेत्र के दक्षिण के कुछ हिस्सों, उत्तर-पश्चिम तथा उत्तर-पूर्व भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा होने की उम्मीद है।
2025 दक्षिण-पश्चिम मानसून ऋतु (जून-सितंबर) वर्षा के लिए अद्यतन दीर्घावधि पूर्वानुमान
— India Meteorological Department (@Indiametdept) May 27, 2025
मात्रात्मक रूप से, पूरे देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ऋतुनिष्ठ वर्षा दीर्घावधि औसत (एलपीए LPA) का 106% होने की संभावना है, जिसमें मॉडल त्रुटि ±4% है।
मानसून ऋतु (जून से सितंबर), 2025 के दौरान… pic.twitter.com/b7FBGV9i0j
जून में सामान्य से कम रहेगा तापमान
आईएमडी के मुताबिक, जून में भारत के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से कम रहेगा। जबकि उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत के कई क्षेत्रों में सामान्य से अधिक व अधिकतम तापमान का पूर्वानुमान है। इसके अतिरिक्त देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। सिवाय मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों और उससे सटे दक्षिणी प्रायद्वीप के, जहां सामान्य से लेकर सामान्य से कम न्यूनतम तापमान रहने की उम्मीद है।